Advertisement

टी.बी. मुक्त भारत अभियान – जोश टीम का शुभारंभ

 

जौनपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय टी.बी. उन्मूलन कार्यक्रम 8 अक्टूबर को केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार के द्वारा टी.बी. मुक्त भारत अभियान – जोश टीम का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, केंद्रीय मंत्री, युवा एवं खेल मंत्रालय, केंद्रीय राज्य मंत्री, स्पोर्ट एवं डिफेंस मंत्रालय भारत सरकार के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया है।

इस अवसर पर जनपद मुख्यालय से जिलाधिकारी के नेतृत्व में मुख्य चिकित्सा अधिकारी जौनपुर कार्यालय के सभाकक्ष में जनपद के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा समय सुबह 11ः00 बजे से वर्चुअल प्रतिभाग किया गया।

टी.बी. मुक्त भारत अभियान जोश टीम लांचिंग कार्यक्रम के उपरांत मुख्य चिकित्सा अधिकारी जौनपुर द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद के समस्त ब्लॉकों एवं नगर पंचायतों में टी.बी. मुक्त भारत अभियान के अनुश्रवण एवं प्रगति की समीक्षा हेतु खण्ड विकास अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारियों को जनपद स्तर से नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

नोडल अधिकारी के सहयोग के लिये जनपद के एन.एस.एस. एवं एन.सी.सी. कार्यकत्ताओं की टीम तैयार करते हुए माई भारत वालंटियर्स के रूप में जोश टीम का गठन कर लिया गया है।

यह जोश टीम अपने-अपने क्षेत्रों में संभावित टी.बी. मरीजों की खोज हेतु स्क्रीनिंग में सहयोग प्रदान करते हुए इस बीमारी से जनसमुदाय को संवेदीकृत भी करेगी। जोश टीम टी.बी. मरीजों की स्क्रीनिंग, उनके निर्बाध उपचार पूर्ण कराने के साथ-साथ भारत सरकार द्वारा टी.बी. मरीजों के हित में चलायी जा रही योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए अपने ब्लॉक एवं नगर वार्ड को टी.बी. मुक्त किये जाने में अपना सहयोग प्रदान करेगी।

इस अवसर पर जिला क्षय नियंत्रण केन्द्र जौनपुर के माध्यम से कार्यक्रम के जिला समन्वयक द्वारा टी.बी. मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जनपद में संचालित गतिविधियों एवं प्रगति से समस्त को अवगत कराया गया।

जनपद से जोश टीम के वर्चुअल लॉंचिंग कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी जौनपुर डा. गंगाराम गौतम की अध्यक्षता में जनपद से एस.डी.एम. सदर शिवप्रताप, समस्त अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, एन.एस.एस. के जनपदीय अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Amanki Shaan News