Advertisement

मिशन शक्ति अभियान के द्वितीय चरण का शुभारम्भ, महिलाओं को किया जागरूक

 

जौनपुर। महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सोमवार को जौनपुर में मिशन शक्ति अभियान के द्वितीय चरण का शुभारम्भ पैदल मार्च के साथ हुआ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के पर्यवेक्षण में निकला मार्च डॉ. भीमराव आंबेडकर चौराहे से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर सम्पन्न हुआ।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनन्त चन्द्रशेखर और सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सम्यक चौधरी के नेतृत्व में आयोजित मार्च में पुलिस, पीआरडी, होमगार्ड, आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, महिला शिक्षिकाओं, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, सफाई कर्मचारियों तथा विभिन्न स्कूल-कॉलेजों की छात्राओं ने भाग लिया।

मार्च के दौरान पोस्टर और बैनरों के जरिए महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी कानूनी प्रावधानों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और सहायता सेवाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है।

मार्च को व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रतिसार निरीक्षक, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली और प्रभारी महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन ने आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।

जौनपुर पुलिस ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन सुनिश्चित करने के लिए मिशन शक्ति अभियान के तहत लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Amanki Shaan News