Advertisement

पूजा पंडाल में करंट की चपेट में आने से बच्चे की मौत

 

जौनपुर। केराकत थाना क्षेत्र के खटहरा गांव में दुर्गा पूजा पंडाल में आरती के दौरान टेंट के लोहे की पाइप में उतरे करंट की चपेट में आने से सात वर्षीय बच्चे की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। बच्चा अपने मां बाप की इकलौती संतान था।

इस घटना के बाद पलभर में ही भक्तिमय माहौल मातम में बदल गया और पूजा स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर पहले जहां पंडाल में माता के जयकारे गूंज रहे थें वहां चीख-पुकार और सन्नाटा पसर गया।

हादसे में जान गंवाने वाला किशोर अपने घर का इकलौता चिराग था। उसकी असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और मां-बाप समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हृदयविदारक घटना से पूरा खटहरा गांव स्तब्ध और शोक में डूबा हुआ है।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर इस हादसे ने सार्वजनिक आयोजनों में बिजली के ढीले और असुरक्षित इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। टेंट के पाइप में करंट कैसे फैला, पुलिस इन तमाम पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।

Amanki Shaan News