Advertisement

सुजानगंज में सनसनीखेज वारदात: पूर्व प्रधान के भाई की हत्या, घर से एक किमी दूर मिला शव

जौनपुर। सुजानगंज थाना क्षेत्र में 59 वर्षीय ओमप्रकाश मिश्र उर्फ पप्पू की हत्या से सनसनी फैल गई। सोमवार सुबह घर से करीब एक किलोमीटर दूर उनका शव मिलने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक पूर्व प्रधान राजेंद्र मिश्र उर्फ रज्जन के छोटे भाई थे। उनके सिर और चेहरे पर किसी ठोस वस्तु से वार किए जाने के निशान मिले हैं।

 

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हत्या की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शव उठाने से इनकार कर दिया और मौके पर किसी वरिष्ठ अधिकारी को बुलाने की मांग की।

 

सूचना पर सुजानगंज, महराजगंज और बदलापुर थानों की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाने और स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। साथ ही घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और लोगों से मिली जानकारी के आधार पर जांच शुरू की।

 

फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। सुजानगंज थानाध्यक्ष अमित पाण्डेय के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल है।

Amanki Shaan News