जौनपुर। सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के खरवार बस्ती में बीती रविवार की रात डीजे बंद कराने के दौरान हुई मारपीट में 48 वर्षीय महिला की सिर फटने से मौत हो गई है। महिला अपनी छोटी बहन की शादी में शामिल होने आई हुई थी।
मृतका की मां ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि अगले एक जुलाई को उनकी छोटी बेटी की शादी होने वाली थी, जिसमें उनकी बड़ी बेटी गुंजन खरवार अपनी छोटी बहन की शादी में शामिल होने के लिए अपने पति व बच्चों के साथ आई हुई थी। रविवार की रात कार्यक्रम के दौरान सभी महिलाएं डीजे पर डांस कर रहीं थीं। कार्यक्रम में गुंजन भी शामिल थी।
उसी दौरान पड़ोस का जगत आसरे अपने पुत्रों के साथ वहां आया और गाली गलौज करते हुए डीजे बंद करवाने लगा। बात इतनी बढी की उन लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान जगत के दामाद ने छत से ईट से गुंजन पर हमला कर दिया, जिससे गुंजन का सिर फट गया और वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ी। परिजनों ने महिला को आनन फानन में पीएचसी सिंगरामऊ ले गयें जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को गंभीर देखते हुए जवाब दे दिया।
उसके बाद परिजन महिला को बीएचयू वाराणसी के लिए लेकर निकल पड़ें लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही शादी वाले घर में मातम छा गया। फिल्हाल इस मामले को लेकर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है।










