जौनपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र में एक युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर परेशान करने और निजी फोटो खींचकर वायरल करने की धमकी देने और शादी तुड़वाने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आजमगढ़ जिले के मेहनगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला के अनुसार उसकी बहन की शादी केराकत क्षेत्र के अहन (सोनखरी) गांव में हुई है। बहन के घर आने-जाने के दौरान उसकी मुलाकात बहन के चचेरे देवर से हुई। आरोप है कि देवर उसे शादी का झांसा देकर संबंध बनाने के लिए दबाव देने लगा।
विरोध करने पर उसने बाथरूम में उसकी फोटो खींच ली और बाद में मोबाइल पर भेजकर परेशान करने लगा। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे बदनाम करने और जान से मारने की धमकी भी दी। इसकी जानकारी परिवार के लोगों को देने औरआगे कोई संबंध नहीं रखने की बात कही, लेकिन बाद में वह उसके विद्यालय पहुंचा और शादी से इनकार करने के लिए दबाव बनाया।
आरोप है कि उसने निजी तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल करने तथा उसकी शादी नहीं होने देने की धमकी दी। पीड़िता के मुताबिक, उसकी शादी कई जगह तय हुई, लेकिन आरोपी ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी से उसके फोटो और निजी तस्वीरें लड़के वालों को भेज दीं। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इस वजह से उसकी चार शादियां टूट चुकी हैं और पांचवीं शादी भी तुड़वाने की कोशिश की गई।
आरोपी पर दूसरों के सामने उसकी जिंदगी बर्बाद करने और नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का भी आरोप है। पीड़िता ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी अमरेंद्र पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।













