Advertisement

थाना दिवस पर डीएम और एसएसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

 

जौनपुर। थाना दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने थाना जलालपुर पहुंचकर फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेकर उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि विवाद एवं राजस्व से जुड़े मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करने तथा निष्पक्ष तरीके से समस्याओं का समाधान कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण शासन की प्राथमिकता है। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और फरियादियों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।

वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्षता एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए।

इस दौरान आगामी छठ पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने घाटों और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने तथा पर्व के दौरान पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी बरतने को कहा।

इस अवसर पर राजस्व एवं पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Amanki Shaan News