जौनपुर। छठ पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी श्री सैमुअल पाल एन. एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने सिरकोनी ब्लॉक के जलालपुर स्थित राजेपुर घाट का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने घाट पर साफ-सफाई, चेंजिंग रूम, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पर्व के दौरान घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। घाटों पर आने वाले व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
उन्होंने कहा कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें तथा पर्व के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से बनाए रखें।













