जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के बारीगांव स्थित हनुमान नगर में रविवार सुबह करीब छह बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रेमी से शादी करने की जिद में एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
करीब साढ़े चार घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद प्रेमी द्वारा टावर पर ही उसकी मांग में सिंदूर भरने पर युवती नीचे उतरने को तैयार हुई। युवती के नीचे आते ही मौके पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर घटनाक्रम का स्वागत किया।
जानकारी के मुताबिक, नेहा गौतम और अभिजीत गौतम, दोनों कसेरवा बसेरवा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि जब नेहा ने प्रेमी से शादी करने की बात कही तो वह पीछे हटने लगा। इससे नाराज होकर नेहा रविवार सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गई। उसने खुद डायल 112 पर फोन कर पुलिस को टावर पर चढ़ने की सूचना दी।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने युवती को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया, लेकिन उसकी जिद थी कि प्रेमी को मौके पर बुलाया जाए और वह उसी के हाथों शादी करेगी।
पुलिस प्रेमी को तलाश कर मौके पर ले आई। उसने युवती को समझाने का प्रयास किया और खुद भी टावर पर कुछ ऊंचाई तक चढ़ा, लेकिन ऊंचाई देखकर घबराने लगा।
काफी देर तक चली मान-मनौव्वल के बाद वह दोबारा टावर पर चढ़ा। इस दौरान युवती भी कुछ नीचे आई। आखिरकार प्रेमी ने टावर पर ही उसकी मांग में सिंदूर भर दिया, जिसके बाद नेहा नीचे उतर आई।
करीब साढ़े चार घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद पुलिस दोनों को अपने साथ थाने ले गई। बताया जाता है कि नेहा महुआरी जरौटा गांव स्थित अपने ननिहाल में रहती थी। घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।













