जौनपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में रविवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद एवं समिति के अध्यक्ष बाबू सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में राशन वितरण, अंत्योदय कार्ड, भूमि अधिग्रहण मुआवजा, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, विद्युत, जल जीवन मिशन, सड़क निर्माण, नहर सफाई, सामुदायिक शौचालय, ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि, लो वोल्टेज और जर्जर विद्युत तारों समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। सांसद ने निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जिला पंचायत की सड़कों की गुणवत्ता की जांच कराने, बारिश से पहले मरम्मत कार्य पूरा करने तथा जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी निर्देशों का प्रभावी अनुपालन कराया जाएगा और संबंधित जनप्रतिनिधियों को इसकी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। बैठक में सांसद प्रिया सरोज, विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विधायक, विधान परिषद सदस्य, नगर पालिका अध्यक्ष, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।













