जौनपुर। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के रानीपुर तिराहे के दक्षिण दिशा में नेशनल हाईवे किनारे झाड़ियों में रविवार सुबह एक अज्ञात युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव एक काले प्लास्टिक बैग में मिला है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या कर शव फेंके जाने का प्रतीत हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब छह बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों की नजर झाड़ियों में पड़े एक बड़े काले प्लास्टिक बैग पर पड़ी। संदेह होने पर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मड़ियाहूं कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने जब प्लास्टिक बैग खोला तो उसमें लगभग 25 वर्षीय अज्ञात युवती का शव मिला। शव गंभीर रूप से क्षत-विक्षत अवस्था में था। घटनास्थल से एक काला लोअर और प्रिंटेड समीज भी बरामद हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।












