शराब ठेके के कलेक्शन एजेंट ने साथी के साथ मिलकर दी थी फर्जी लूट की सूचना, पूछताछ में खुला राज
जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में शराब ठेके के कलेक्शन एजेंट द्वारा गबन की रकम छिपाने के लिए लूट की झूठी कहानी रचने का मामला सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने त्वरित जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से गबन किए गए ₹68,840 बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 की शाम डायल-112 पर सूचना मिली कि भंडारी अंडरपास के पास एक कलेक्शन एजेंट से करीब एक लाख रुपये की लूट हो गई है। सूचना पर कोतवाली और लाइनबाजार पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज तथा प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई।
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल और परिस्थितियां संदिग्ध लगीं। सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के निर्देशन में की गई गहन पूछताछ में कलेक्शन एजेंट ने स्वीकार किया कि उसने ₹68,840 के गबन को छिपाने के लिए लूट की झूठी कहानी बनाई थी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पूरी रकम बरामद कर ली। इसके बाद शराब ठेके के मालिक की तहरीर पर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
शनिवार को पुलिस ने विकास यादव पुत्र लालजीत यादव तथा अलकेश यादव पुत्र प्रेमनाथ यादव, निवासी नाथूपुर थाना जफराबाद, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 316(3) एवं 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है। मामले के सफल खुलासे में भंडारी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जयदीप तथा कोतवाली पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।












