Advertisement

सीएम पोर्टल पर शिकायत के बाद शाहीना हॉस्पिटल सील, स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई

जौनपुर। गौराबादशाहपुर मे मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को चोरसंड स्थित शाहीना हॉस्पिटल पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। जांच में अनियमितताएं मिलने पर पुलिस की मौजूदगी में अस्पताल को सील कर दिया गया। अस्पताल में भर्ती दो मरीजों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोरसंड भेजा गया।

 

जानकारी के अनुसार, गौराबादशाहपुर कस्बा निवासी नसीम अहमद ने 18 जुलाई को मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर अस्पताल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

 

शिकायत के आधार पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. गंगाराम के निर्देश पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. श्रवण कुमार यादव द्वारा गठित टीम ने डॉ. रमेश चंद्र के नेतृत्व में अस्पताल की जांच की।

 

जांच के दौरान अस्पताल में दो मरीज भर्ती मिले, जबकि टीम के पहुंचते ही अस्पताल के कर्मचारी मौके से फरार हो गए। अस्पताल के नाम पर पंजीकृत चिकित्सक भी मौके पर उपस्थित नहीं मिले। आवश्यक अभिलेख और मानकों में अनियमितताएं पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस की मौजूदगी में अस्पताल पर ताला लगाकर उसे सील कर दिया।

 

स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल संचालक को आवश्यक दस्तावेजों के साथ सीएमओ कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। कार्रवाई के दौरान डॉ. श्वेता यादव, अभयानंद मौर्य तथा पुलिस बल मौजूद रहा।

Amanki Shaan News