जौनपुर। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महाविद्यालय एवं चिकित्सालय परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों, उपलब्ध सुविधाओं तथा अस्पताल संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
जिलाधिकारी ने प्रशासनिक भवन में लिफ्ट निर्माण कार्य, केंद्रीय पुस्तकालय एवं ई-लाइब्रेरी का निरीक्षण कर सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। शैक्षणिक भवन में एनाटॉमी विभाग, म्यूजियम एवं डिसेक्शन हॉल का अवलोकन करते हुए सेंट्रल एसी की तकनीकी कमियां तत्काल दूर करने को कहा।
अस्पताल भवन के निरीक्षण के दौरान ओपीडी व्यवस्था, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं तथा साफ-सफाई की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 1500 से 2000 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। जिलाधिकारी ने साइनेज, वातानुकूलन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान फायर सेफ्टी व्यवस्था, छात्रावास, मेस, निर्माणाधीन सीसीयू भवन, विद्युत उपकेंद्र एवं जलापूर्ति व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी लंबित एवं अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी और प्रत्येक माह स्वयं निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता का मूल्यांकन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रो. आर.बी. कमल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ए.ए. जाफरी, वित्त नियंत्रक अतुल चौधरी सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।













