जौनपुर। विश्व उच्च रक्तचाप माह के तहत मंगलवार को हरखपुर स्थित वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिला पुरुष चिकित्सालय की एनपी-एनसीडी टीम ने शिविर में उपस्थित सभी वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार प्रदान किया।
नोडल अधिकारी एनपी-एनसीडी डॉ. अरुण कुमार यादव ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन की थीम “Controlling Hypertension Together: Check Your Blood Pressure Regularly, Defeat the Silent Killer” के माध्यम से लोगों को नियमित रूप से रक्तचाप की जांच कराने और उसे नियंत्रित रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उच्च रक्तचाप को “साइलेंट किलर” कहा जाता है, क्योंकि यह बिना स्पष्ट लक्षणों के शरीर को प्रभावित कर हृदयाघात, स्ट्रोक और हार्ट फेल जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है।
जनरल फिजिशियन डॉ. के.के. पाण्डेय ने बताया कि उच्च रक्तचाप किसी भी आयु वर्ग के व्यक्ति को प्रभावित कर सकता है तथा बढ़ती उम्र के साथ इसका खतरा और अधिक बढ़ जाता है। शिविर में कुल 93 वृद्धजनों के ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच की गई तथा आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया। इस अवसर पर एफएलसी जयप्रकाश गुप्ता सहित एनसीडी सेल एवं क्लीनिक के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।












