जौनपुर। जिले के जलापुर क्षेत्र में पराऊगंज बाजार में स्थ्ति एक क्लीनिक में इलाज के दौरान पांच साल के मासूम बच्चे की मौत पर परिजनों ने हंगामा खड़ा कर दिया। यह मामला बीती सोमवार की रात का बताया जा रहा है। क्लीनिक के चिकित्सक पर मृतक बच्चे के परिजनों ने आरोप लगाते हुए बताया कि गलत इंजेक्शन लगाने के कारण बच्चे की मौत हुई है। मौत के बाद पांच साल के बच्चे के परिजनों ने लाश को वहीं रखकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। इस मामले को लेकर आक्रोशित परिजनों ने क्लिनिक के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कार्यवाही की मांग की है। जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है। अधिकारियों ने जांच के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट होने की बात कही है। हालांकि बच्चे की मौत का कारण अभी पता नहीं चल सका है।












