*पत्रकार-दानिश इकबाल*
कार से मिला सुसाइड नोट, पुलिस ने शीशा तोड़कर निकाला बाहर
जौनपुर। बक्सा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात करीब 8:30 बजे हाईवे के पास एक क्षेत्रीय बैंक मैनेजर ने कथित रूप से अपनी कार में खुद को गोली मार ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला और गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान दुर्गेश श्रीवास्तव (35) पुत्र अवधेश श्रीवास्तव के रूप में हुई है। वह मूल रूप से लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र स्थित किरन इनक्लेव, कुर्सी रोड, टेढ़ी पुलिया के निवासी बताए गए हैं और वर्तमान में जौनपुर के वन विहार में रह रहे थे। वह क्षेत्रीय बैंक मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।
बताया गया कि दुर्गेश श्रीवास्तव अपनी टाटा सिएरा कार (UP32 SA 4239) से बदलापुर से जौनपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बक्सा थाना क्षेत्र में हाईवे के पास कार में ही उन्होंने खुद को गोली मार ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कार का शीशा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को कार से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सुसाइड नोट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।













