जौनपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के शिवधाम कॉलोनी कटघरा में चोरों ने दिनदहाड़े बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी, सोने के आभूषण और पॉलीकैब के तार के बंडल पर हाथ साफ कर दिया। पीड़िता गुरजीत कौर पत्नी स्व. योगेंद्र सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
पीड़िता के अनुसार, 29 सितंबर की शाम करीब 3:15 बजे वह मकान में ताला बंद कर अपने बेटे को खाना देने ओलंदगंज स्थित दुकान पर चली गई थीं। उनकी बेटी भी स्कूल व कोचिंग के बाद सीधे दुकान पर पहुंच गई। रात करीब 8:15 बजे मां-बेटी घर लौटीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर सामान बिखरा हुआ था।
चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे सोने के आभूषण और करीब 1.25 से 1.50 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। इसके अलावा घर में रखे पॉलीकैब के 8 से 10 बंडल तार भी गायब मिले। सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।










