Advertisement

नवरात्रि-दुर्गापूजा पर जौनपुर शहर में यातायात डायवर्जन

शाम तीन से रात 11 बजे तक ई-रिक्शा और ऑटो के आवागमन पर प्रतिबंध, पांच प्रमुख मार्गों से भारी वाहनों की नो एंट्री

 

जौनपुर। शारदीय नवरात्रि और दुर्गापूजा के दौरान शहर में भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने वाहनों के आवागमन में बदलाव किया है। रविवार 11 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक शहर के पांच प्रमुख प्रवेश मार्गों से भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से रात 11 बजे तक ई-रिक्शा, ऑटो और अन्य वाहनों के लिए निर्धारित डायवर्जन लागू रहेगा।

 

यातायात पुलिस के अनुसार, कुत्तूपुर से आने वाले ई-रिक्शा शाहगंज पड़ाव तक ही आ सकेंगे। पॉलिटेक्निक चौराहे से बैटरी रिक्शा और चार पहिया वाहनों को ऑल-लांग की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। मछलीशहर और बदलापुर पड़ाव से आने वाले ई-रिक्शा व ऑटो शहर में प्रवेश नहीं करेंगे।

 

जेसीज चौराहे से शहर की ओर जाने वाले ई-रिक्शा और टेंपो प्रतिबंधित रहेंगे। इन वाहनों को जोगियापुर, मेगापुर, सद्भावना तिराहा, सब्जी मंडी पुल और अटाला मस्जिद होते हुए भंडारी स्टेशन की ओर भेजा जाएगा।

 

मल्हनी पड़ाव से आने वाले ई-रिक्शा, ऑटो और चार पहिया वाहन बड़ी मस्जिद, शाहगंज पड़ाव, शकरमंडी तिराहा, भंडारी रेलवे स्टेशन, सुतहट्टी, अटाला मस्जिद, किला और सद्भावना तिराहा होते हुए शहर से बाहर निकलेंगे। चांद मेडिकल की तरफ इन वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

 

इन पांच स्थानों से भारी वाहनों की नो एंट्री

 

11 से 21 अक्टूबर तक कुत्तूपुर तिराहा, जेसीज चौराहा, पॉलिटेक्निक चौराहा, कुमार पेट्रोल पंप और जोगियापुर से भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।

 

इन रास्तों पर भी प्रतिबंध

 

सुतहट्टी तिराहे से कोतवाली की तरफ तीन और चार पहिया वाहन नहीं जाएंगे। अशोक टॉकीज से चहरसू चौराहे की ओर तथा किशन काफी की तरफ से ऑल-लांग की ओर भी तीन और चार पहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

 

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों का पालन करने और त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Amanki Shaan News