जौनपुर। खुटहन पुलिस ने शनिवार को गोवध के लिए गोवंश ले जाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो गाय, एक बोलेरो वाहन, तीन मोबाइल फोन, रस्सी के दो टुकड़े और 810 रुपये नकद बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर को खुटहन पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पट्टी नरेंद्रपुर की तरफ से एक बोलेरो में गोवंश को क्रूरतापूर्वक बांधकर गोवध के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने शेरपुर पथरा ईंट-भट्ठा मोड़ के पास घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर वाहन सवारों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने तीनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खुटहन थाना क्षेत्र के मैदासपट्टी निवासी सोहनलाल यादव और साहबलाल यादव तथा आजमगढ़ जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के गन्डी, पोस्ट भोरमऊ निवासी शुभम यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने बोलेरो संख्या यूपी 63 एल 6400 की तलाशी ली तो उसमें दो गायें मिलीं।
पुलिस के मुताबिक, सोहनलाल यादव और साहबलाल यादव के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, शुभम यादव के खिलाफ इस मामले में दर्ज मुकदमे का उल्लेख किया गया है।
इस मामले में खुटहन थाने में मुकदमा अपराध संख्या 341/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/8 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।













