Advertisement

25 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार

 

जौनपुर। खुटहन पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त अरबाज को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे तिघरा तिराहे से गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेज दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह के निर्देश पर जिले में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खुटहन पुलिस को यह सफलता मिली। पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक नगर के दिशा-निर्देशन, क्षेत्राधिकारी शाहगंज के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम वांछित अपराधियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 10 अक्टूबर को तिघरा तिराहे से अरबाज को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अरबाज पुत्र जहीर निवासी बीरी समसुद्दीनपुर, थाना खुटहन, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। वह खुटहन थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 312/2026, धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

गोवध निवारण और पॉक्सो एक्ट के मुकदमे भी दर्ज

पुलिस के अनुसार, अभियुक्त के खिलाफ खुटहन थाने में गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम से संबंधित मुकदमा संख्या 100/2025 दर्ज है। इसके अलावा शाहगंज थाने में मुकदमा संख्या 94/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट में भी मामला दर्ज है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह, कांस्टेबल कुलदीप गोस्वामी, सोनू यादव, सुरेन्द्र वर्मा, विजय शंकर यादव और अभिषेक मिश्रा शामिल रहे।

Amanki Shaan News