Advertisement

स्टंटबाजी, ब्लैक फिल्म और अवैध हूटर पर पुलिस का शिकंजा, 859 वाहनों के चालान

 

 

39 वाहन सीज, जिलेभर में चला सघन चेकिंग अभियान; संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की भी हुई जांच

 

जौनपुर। सड़क पर स्टंटबाजी करने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ जौनपुर पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। रविवार को चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने 859 वाहनों का चालान किया, जबकि 39 वाहनों को सीज कर दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यश वीर सिंह के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर अनंत चंद्रशेखर और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में जिले के सभी थानों की पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चेकिंग की।

इस दौरान प्रमुख चौराहों, तिराहों, सार्वजनिक स्थानों और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच की गई। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी करने, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने, वाहनों में नियम विरुद्ध ब्लैक फिल्म लगाने और अनधिकृत हूटर का इस्तेमाल करने वालों पर विशेष निगरानी रखी।

पुलिस के मुताबिक, यातायात नियमों का उल्लंघन करने और सड़क पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाकर लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के तहत कुल 859 वाहनों का चालान करने के साथ 39 वाहनों को सीज किया गया।

पुलिस की चेतावनी: जौनपुर पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़कों पर स्टंटबाजी से बचने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि वाहनों में नियम विरुद्ध ब्लैक फिल्म और अनधिकृत हूटर का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Amanki Shaan News