
उत्तर प्रदेश सरकार के हालिया बड़े प्रशासनिक फेरबदल में जौनपुर को नया जिलाधिकारी मिलने के बाद आज मंगलवार को आईएएस अधिकारी सैमुअल पॉल एन ने विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। शासन ने 38 आईएएस अधिकारियों के तबादले में उन्हें जौनपुर की जिम्मेदारी सौंपी थी।
कोषागार कार्यालय पहुंचकर नवागत जिलाधिकारी ने पदभार से जुड़ी सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने साफ संकेत दिया कि शासन की प्राथमिकताओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाना, विकास योजनाओं को गति देना और आमजन की शिकायतों का त्वरित निस्तारण उनकी कार्यशैली का केंद्र रहेगा।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाते हुए हर फरियादी को गुणवत्तापूर्ण समाधान दिलाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी। जिले में विकास, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ प्रशासनिक मशीनरी को सक्रिय मोड में लाया जाएगा।
गौरतलब है कि सैमुअल पॉल एन वर्ष 2013 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और इससे पहले महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्व निभा चुके हैं। जौनपुर जैसे बड़े जिले की कमान संभालने के साथ अब जिले में नई कार्यसंस्कृति और तेज फैसलों की उम्मीद जताई जा रही है।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, वरिष्ठ कोषाधिकारी समेत तमाम अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।













