जौनपुर। पुलिस झण्डा दिवस के अवसर पर सोमवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्द पर विधिवत पुलिस ध्वज फहराया और उसे सम्मानपूर्वक नमन किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए पुलिस विभाग की गौरवशाली परंपरा, शौर्य, अनुशासन, त्याग और बलिदान के महत्व पर प्रकाश डाला।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा, सेवा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी पुलिसकर्मियों को सदैव तत्पर रहना चाहिए।
उन्होंने पुलिस विभाग की गरिमा और प्रतिष्ठा को बनाए रखने के साथ जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प भी दिलाया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।













