Advertisement

आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर डीएम सख्त, अधिकारियों को दी कड़ी चेतावनी

 

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में शुक्रवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभागवार लंबित एवं निस्तारित शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत निस्तारण आख्या को स्वयं पढ़कर सुनाया और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आवश्यक सुधार संबंधी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें तथा किसी भी स्थिति में शिकायतकर्ताओं से नकारात्मक फीडबैक प्राप्त नहीं होना चाहिए।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, जल निगम और पंचायती राज विभाग के कार्यों पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि शिकायतों का गंभीरता से समाधान नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ठ सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Amanki Shaan News