पत्रकार दानिश इकबाल
जौनपुर। जलालपुर थाना पुलिस ने लूट की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया एक टच स्क्रीन मोबाइल, ₹2 हजार नकद तथा बिना नंबर प्लेट की एक हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी केराकत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जलालपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर असबरनपुर अंडरपास हाईवे पुलिया के पास से बसंत यादव उर्फ हनुमान और शिवांशु यादव उर्फ पतालू को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई की रात छतारी पुलिया हाईवे पर मंसूर अली से तीन बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल, पर्स और ₹8 हजार लूट लिए थे तथा जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए थे। इस मामले में थाना जलालपुर पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। जांच के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बसंत यादव पर जौनपुर और गाजीपुर के विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट, चोरी, लूट और एससी/एसटी एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विक्रमा प्रसाद, उपनिरीक्षक रामभवन यादव, हेड कांस्टेबल शिवाकांत पाठक, कांस्टेबल विमलेश कुमार, आरक्षी राहुल कुमार, आरक्षी विनय पटेल एवं होमगार्ड छेदी प्रसाद मिश्रा शामिल रहे।













