
पत्रकार दानिश इकबाल
जौनपुर। खुटहन क्षेत्र के पिलकिछा स्थित सिटी इंटरनेशनल सीबीएसई बोर्ड स्कूल में मिशन वीरांगना खेल शिक्षा ट्रस्ट द्वारा मिशन वीरांगना सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 10 दिवसीय मार्शल आर्ट प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाली 150 छात्राओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शाहगंज के डिप्टी एसपी गिरेंद्र सिंह रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मिशन वीरांगना खेल शिक्षा ट्रस्ट की अध्यक्ष शिवानी मिश्रा उपस्थित रहीं। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक राजदेव यादव, ब्लॉक प्रमुख, ट्रस्टी आंशू शुक्ला सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
मार्शल आर्ट प्रशिक्षण का संचालन जौनपुर ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव प्रवीण मिश्रा के निर्देशन में किया गया। उन्होंने बताया कि मिशन वीरांगना के तहत जनपद के विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों में छात्राओं को 10 दिवसीय विशेष आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर उन्हें प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाता है, ताकि उनका आत्मविश्वास बढ़े और वे शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बन सकें।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। समारोह में छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और आत्मरक्षा के महत्व का संदेश दिया।













