जौनपुर। कलेक्ट्रेट परिसर में भारतीय मानव समाज पार्टी ने दूल्हे आजाद बिंद की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने और गाजीपुर में कमलेश बिंद के पुलिस एनकाउंटर मामले में प्रदर्शन किया। पार्टी ने राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा, जिसमें दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
संगठन ने बताया कि जौनपुर में 1 मई 2026 को बारात ले जा रहे दूल्हे आजाद बिंद की हत्या कर दी गई थी। घटना के काफी समय बाद भी प्रशासन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में विफल रहा है। पार्टी ने इस मामले में उच्चस्तरीय जांच समिति गठित करने, फरार दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करने और उन्हें कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
गाजीपुर में कमलेश बिंद के पुलिस एनकाउंटर पर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। पीड़ित परिवार और समाज ने पुलिस की कार्यशैली और मुठभेड़ के समय पर संदेह व्यक्त किया है। पार्टी का कहना है कि जब संविधान में आत्मसमर्पण और निष्पक्ष मुकदमे की व्यवस्था है, तो ऐसी पुलिस कार्रवाई संदेह पैदा करती है।
भारतीय मानव समाज पार्टी की मुख्य मांगों में जौनपुर हत्याकांड के फरार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाना शामिल है। इसके साथ ही, गाजीपुर पुलिस मुठभेड़ की निष्पक्ष केंद्रीय एजेंसी (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की गई है।
पार्टी ने पीड़ित परिवारों को सुरक्षा और उचित आर्थिक मुआवजा प्रदान करने की भी अपील की है। पार्टी ने राष्ट्रपति से आग्रह किया है कि वे इन मामलों का संज्ञान लेकर राज्य सरकार को उचित कदम उठाने के निर्देश दें ताकि न्याय सुनिश्चित हो सके।












