जौनपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर जनपद में पूर्ण गरिमा, धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जनपद भर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों, नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों द्वारा जयंती समारोह में सहभागिता की गई।
कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. के द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान राम-धुन एवं विचार गोष्ठियों के माध्यम से दोनों महापुरुषों के जीवन, आदर्शों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया गया।
जिलाधिकारी ने दोनों महापुरुषों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके आदर्शों एवं विचारों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्याग्रह और अहिंसा के माध्यम से देश को स्वतंत्रता की दिशा में आगे बढ़ाया। उनके विचार आज भी समाज और प्रशासन को सही दिशा में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी का जीवन सादगी, सत्य, आत्मचिंतन और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के हित में कार्य करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि किसी भी निर्णय अथवा कार्य को करते समय यह विचार अवश्य किया जाना चाहिए कि उसका सामान्य व्यक्ति के जीवन पर क्या प्रभाव पड़ेगा। प्रशासनिक कार्यों का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ पहुंचाना होना चाहिए। यही स्वतंत्रता के वास्तविक मूल्यों में से एक है।
जिलाधिकारी ने कहा कि भारत विभिन्न भाषाओं, संस्कृतियों और विविधताओं वाला देश है। महापुरुषों के विचार हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। लाल बहादुर शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत किया तथा कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के महत्व को देश के सामने रखा।
उन्होंने कहा कि आज हमें यह आत्मचिंतन करना चाहिए कि हम अपने साथ क्या लेकर जा रहे हैं और अपने पीछे समाज के लिए क्या छोड़कर जा रहे हैं। स्वच्छता, सादगी, सकारात्मक सोच और समाज के प्रति जिम्मेदारी को अपने जीवन का हिस्सा बनाकर ही महापुरुषों के आदर्शों को वास्तविक रूप से अपनाया जा सकता है।
इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट, नगर मजिस्ट्रेट महिपाल सिंह, पूर्व कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के अध्यक्ष शिवमोहन श्रीवास्तव तथा वर्तमान अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके जीवन, आदर्शों एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए।
खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा खादी के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष प्रदर्शनी लगाई गई तथा इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा स्वयं चरखा चलाकर खादी एवं स्वदेशी वस्त्रों के प्रति लोगों को प्रेरित किया गया। जिलाधिकारी ने प्रदर्शनी में खादी की खरीदारी की तथा आमजन से खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पादों को अपनाने और खादी पहनने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य राजस्व अधिकारी के द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में पौधरोपड़ किया गया। कार्यक्रम का संचालन आशीष त्रिपाठी द्वारा किया गया। कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम के उपरांत खरका तिराहा स्थित महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाडिया द्वारा सैयद अलीपुर स्थित वृद्धाश्रम में विद्यालय के बच्चों के साथ बुजुर्गों को फल वितरित किए गए तथा उनके स्वास्थ्य एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली गई। कार्यक्रम के दौरान बुजुर्गों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की गई।
इसी क्रम में प्रातः 09ः00 बजे जनपद के सभी राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। जिले की मलिन बस्तियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। साफ-सफाई के साथ चूने का छिड़काव कराया गया। विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके साथ ही विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया की अध्यक्षता में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर पुष्प अर्पित कर माल्यार्पण किया गया साथ ही गोष्ठी का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपजिलाधिकारी, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अनीता सहित अन्य अधिकारीगण और कर्मचारीगण उपस्थित रहे।












