लोहिया पार्क में महिलाओं को योग, प्राणायाम और संतुलित आहार के महत्व के प्रति किया गया जागरूक
जौनपुर। शासन की मंशानुरूप जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. के निर्देशन में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कमल के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस सप्ताह के द्वितीय दिवस पर लोहिया पार्क में महिलाओं के स्वास्थ्य जागरूकता हेतु विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित एवं पौष्टिक आहार तथा नियमित योगाभ्यास के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी ने कहा कि परिवार के स्वास्थ्य की नींव महिलाओं के हाथ में होती है और यदि वे रसोई में पौष्टिक एवं सुपाच्य भोजन को प्राथमिकता दें तो अनेक स्वास्थ्य समस्याओं का समाधान स्वतः संभव हो सकता है।
पतंजलि योग समिति के सह राज्य प्रभारी अचल हरीमूर्ति एवं मुख्य योग शिक्षक अरविंद कुमार ने योगाभ्यास कराते हुए बताया कि महिलाएं समाज की सांस्कृतिक एवं सामाजिक विरासत को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं और परिवार में योग का वातावरण तैयार करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
शिविर में गर्भवती महिलाओं के लिए सुरक्षित योगाभ्यास की जानकारी भी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान कठिन आसनों से बचना चाहिए तथा अनुलोम-विलोम, भस्त्रिका, भ्रामरी, उद्गीथ प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास लाभकारी होता है।
योग विशेषज्ञों ने कहा कि भ्रामरी और उद्गीथ प्राणायाम के नियमित अभ्यास से नर्वस सिस्टम मजबूत होता है तथा अनिद्रा, बेचैनी, उच्च रक्तचाप और तनाव जैसी समस्याओं में भी लाभ मिलता है। उन्होंने योगाभ्यास प्रशिक्षित योग शिक्षक के मार्गदर्शन में करने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराते रहने की सलाह दी।










