जौनपुर। जिले में पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए एसएसपी डॉ. यशवीर सिंह ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड की सलामी लेते हुए समस्त पुलिसकर्मियों की फिटनेस, अनुशासन तथा वर्दी का निरीक्षण किया।
एसएसपी डॉ. यशवीर सिंह ने रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड में निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहने के लिए नियमित व्यायाम और ड्रिल करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने वर्दी को साफ-सुथरा रखने और ड्यूटी के दौरान अनुशासन बनाए रखने पर भी जोर दिया।
परेड के बाद एसएसपी ने पुलिस लाइन परिसर और विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, अभिलेखों के व्यवस्थित रखरखाव और विभागीय कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए जिम्मेदारी के साथ काम करने के लिए भी कहा है।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने यूपी-112 के वाहनों की स्थिति और उनमें उपलब्ध उपकरणों की जांच की। उन्होंने वाहनों की नियमित साफ-सफाई, उचित रखरखाव और उपकरणों को चालू हालत में रखने के निर्देश दिए, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर सके।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को आमजन से जुड़ी सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने और लोगों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करने की हिदायत भी दी। इसके बाद एसएसपी ने अर्दली रूम में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान, सतर्क और अनुशासित रहने के निर्देश दिए। निरीक्षण का उद्देश्य पुलिसकर्मियों में अनुशासन बनाए रखना, विभागीय व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना और आपातकालीन सेवाओं की तत्परता सुनिश्चित करना रहा।













