Advertisement

कक्षा आठ की छात्रा अमृता बनीं एक दिन की थानेदार

 

जौनपुर। मिशन शक्ति अभियान के तहत शुक्रवार को शाहगंज थाने में कक्षा आठ की छात्रा अमृता को एक दिन का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, शाहगंज की छात्रा ने थाने की कमान संभालते हुए जनसुनवाई की और एक फरियादी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया।

एक दिन की प्रभारी निरीक्षक बनीं अमृता ने थाना परिसर, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, मालखाना और हवालात का निरीक्षण कर पुलिस की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। जनसुनवाई के दौरान मिली शिकायत पर उनके निर्देश के क्रम में शाहगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 361/2026 के तहत बीएनएस की धारा 316(2), 352 और 351(3) में अभियोग पंजीकृत किया गया।

वहीं, मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस ने पारिवारिक विवादों को सुलझाने की दिशा में भी पहल की। काउंसलिंग और आपसी बातचीत के जरिए विवादों से जूझ रहे दंपतियों के बीच सुलह-समझौता कराया गया। पुलिस ने दंपतियों को आपसी विश्वास, प्रेम, सम्मान और सामंजस्य के साथ जीवन बिताने के लिए प्रेरित करते हुए सुखी दाम्पत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।

इस पहल का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास व नेतृत्व क्षमता बढ़ाने के साथ उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराना और पारिवारिक रिश्तों को मजबूत बनाना है।

Amanki Shaan News