जौनपुर। पवारा थाना क्षेत्र में 40 भेड़ों की चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 16,500 रुपये नकद और चोरी की घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की बोलेरो बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, देवकीपुर गांव निवासी दीपचंद पाल ने 24 अक्टूबर को थाने में तहरीर देकर बताया था कि 19-20 अक्टूबर की रात घर के पास रखी उनकी 40 भेड़ें अज्ञात चोर चोरी कर ले गए थे। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले में सुराग मिलने पर पवारा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर प्रयागराज जनपद के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र स्थित जोरवट बारा गांव से प्रभाकर कुमार पुत्र बसंतलाल को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 16,500 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त बोलेरो बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक बाबूलाल साहनी, कांस्टेबल धनंजय यादव और रामनिवास यादव शामिल रहे।












