पत्रकार दानिश इकबाल
जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के दिलाजाक पठान टोला में पत्थर फेंकने को लेकर हुए विवाद में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक की पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित के चचेरे भाई मोहम्मद बिस्मिल्लाह ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस मामले में कार्रवाई नहीं कर रही है।
शिकायती प्रार्थना पत्र के मुताबिक, 24 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे तौसीफ उर्फ कल्लू अपने घर जा रहा था। इसी दौरान पत्थर फेंकने को लेकर हुए विवाद के बाद सुरेश सेठ घर के सामने तौसीफ उर्फ कल्लू पहुंच। आरोप है कि वहां सुरेश सेठ, कृष्णा सेठ, राघव सेठ समेत अन्य लोगों ने तौसीफ को घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावर तौसीफ को घसीटते हुए घर के अंदर ले गए और वहां लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई की। किसी तरह जान बचाकर वह घर से बाहर निकला। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसे गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने धमकी भी दी कि उनके खिलाफ कहीं शिकायत की तो अंजाम बुरा होगा।
पीड़ित के चचेरे भाई मोहम्मद बिस्मिल्लाह का कहना है कि तौसीफ उर्फ कल्लू की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। इसके बावजूद उसके साथ इस तरह की मारपीट की गई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि कोतवाली में शिकायत देने के बाद भी उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।












