जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के घमहकपूरा मजरे में अपने घर से करीब डेढ माह पहले लापता महिला का मंगलवार को उसके ही घर के पीछे तालाब में कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया।
महिला की पहचान इसी गांव निवासी संगीता पत्नी घोसे बिंद के रूप में हुई है जो बीते करीब डेढ माह पहले अपने घर से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों के अनुसार वह मानसिक रूप से कुछ विक्षिप्त थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब वह नहीं मिली तो 16 अक्टूबर को घोसे ने उसकी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मंगलवार को घोसे ने तालाब में एक कंकाल देखा तो उसके होश उड़ गए। कंकाल मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई और पुलिस के आने के बाद कंकाल बाहर निकाला गया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि पूरा तालाब जलकुंभी से ढका हुआ था। जब पानी कम हुआ तो कंकाल ऊपर की तरफ आ गया। काफी दिन पानी मे डूबे रहने के कारण लाश पूरी सड़कर कंकाल बना गई थी। फिल्हाल पुलिस ने लाश का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।












