जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे जा रहे दो लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय बाजार स्थित बलथर स्कूल के समीप गुरुवार करीब दो बजे मोहम्मद शारिक उमरी (23) पुत्र इश्तियाक अहमद बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने सड़क पर पैदल जा रहे करीब 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति समेत दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़े।
हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अज्ञात व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल शारिक का उपचार जारी है।
मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। वह केसरिया रंग का कुर्ता और काले रंग की धारीदार लोअर पहने हुए था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फरार कार चालक की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।













