Advertisement

एक्शन मोड में SSP अनुपम सिंह, पुलिस लाइन का औचक निरीक्षण कर कसी व्यवस्थाएं

जौनपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह बुधवार को एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने रिजर्व पुलिस लाइन का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी और अधिकारियों-कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कैंटीन, बैरक, कार्यालय, यातायात शाखा समेत विभिन्न इकाइयों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित मामलों की स्थिति और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की गंभीरता से समीक्षा की।

एसएसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस लाइन अनुशासन और कार्यकुशलता का केंद्र है, ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने, कार्यालयी अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने तथा लंबित कार्यों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने को कहा, ताकि पुलिस कर्मियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

एसएसपी ने शाखा प्रभारियों से विस्तृत जानकारी लेते हुए पुलिस कर्मियों के आवास, भोजन, कार्यस्थल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के नियमित निरीक्षण पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि सशक्त पुलिस व्यवस्था की नींव मजबूत आंतरिक प्रबंधन से ही तैयार होती है।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के बाद विभाग में प्रशासनिक सख्ती और व्यवस्था सुधार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Amanki Shaan News