जौनपुर। सिकरारा थाना क्षेत्र के प्रतापगंज के पास रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका मामा का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया
>जानकारी के अनुसार अरुवावा निवासी 26 वर्षीय अनु पुत्र ओमप्रकाश अपने मामा के बेटे अंश कुमार पुत्र राजनाथ के साथ बाइक से बाजार बाजा (वाद्य यंत्र) बनवाने गए थे। दोनों काम पूरा कर घर लौट रहे थे। प्रतापगंज के पास पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
>हादसे में अनु गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अंश कुमार का पैर फ्रैक्चर हो गया। स्थानीय लोगों ने दोनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अनु को मृत घोषित कर दिया। अंश कुमार का इलाज जारी है।हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
>सूचना मिलते ही सिकरारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन व उसके चालक की तलाश में जुटी है तथा मामले की जांच कर रही है।













