जौनपुर। शाहगंज जंक्शन रेलवे स्टेशन पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। मृतक स्टेशन पर वेंडर का काम करता था। घटना के बाद प्लेटफॉर्म पर अफरातफरी मच गई। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार गोदान एक्सप्रेस गोरखपुर से चलकर लोकमान्य तिलक टर्मिनल जा रही थी। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे ट्रेन प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची। सिग्नल मिलने के बाद जैसे ही ट्रेन आगे बढ़ी, उसी दौरान खाने-पीने का सामान बेचने वाला युवक ट्रेन से उतरने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन के नीचे आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान रवि गौड़ पुत्र सुखदेव गौड़ निवासी कोइरीपुर गांव, थाना सरपतहां के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर संचालित स्टॉल पर वेंडर के रूप में कार्य करता था।
स्टेशन अधीक्षक वीके यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक स्टेशन पर कार्यरत वेंडर था। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे जीआरपी जवानों ने ट्रेन गुजरने के बाद शव को बाहर निकालकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक अपने पीछे पत्नी और दो पुत्रों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।













