जौनपुर। मछलीशहर कस्बे के इलाहाबाद रोड स्थित खजुरहट गांव में रविवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक होटल में चल रही कथित अनैतिक गतिविधियों का भंडाफोड़ किया। छापेमारी के दौरान होटल से 8 युवक-युवतियों को संदिग्ध परिस्थितियों में हिरासत में लिया गया। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार खजुरहट स्थित होटल आयुष को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा काफी समय से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें की जा रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने गोपनीय जांच कराई। इसके बाद रविवार को नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव की मौजूदगी में पुलिस टीम ने होटल पर अचानक छापा मारा।
छापेमारी के दौरान होटल के विभिन्न कमरों से युवक-युवतियां संदिग्ध हालत में मिलीं। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर मछलीशहर कोतवाली पहुंचाया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। साथ ही उनके दस्तावेजों एवं होटल के रजिस्टर की भी जांच की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि होटल में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं, लेकिन कार्रवाई नहीं हो पा रही थी। रविवार को हुई छापेमारी के बाद लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई की सराहना की।
वहीं पुलिस होटल संचालक की भूमिका की भी जांच कर रही है। जांच में होटल प्रबंधन की संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।













