जौनपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए जौनपुर पुलिस मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता और सुरक्षा गतिविधियां चला रही है। अभियान के दौरान महिला बीट पुलिस अधिकारी गांवों और वार्डों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और सुरक्षा संबंधी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दे रही हैं।
पुलिसकर्मी चौपाल लगाकर महिलाओं को जागरूक करने के साथ पम्पलेट और फोल्डर भी वितरित कर रहे हैं। उन्हें उत्पीड़न, छेड़छाड़ और अन्य समस्याओं की स्थिति में पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
वहीं, एंटी रोमियो स्क्वाड स्कूल-कॉलेजों, बाजारों, पार्कों, सार्वजनिक स्थलों और मेला क्षेत्रों में चेकिंग कर रहा है। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। छेड़छाड़ जैसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई किए जाने की बात पुलिस ने कही है।
इन नंबरों पर मिलेगी मदद
जौनपुर पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में घबराएं नहीं और तत्काल सहायता लें। इसके लिए महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर संपर्क किया जा सकता है।
पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है।













