Advertisement

रिहायशी मकान में मिला पांच कुंतल पटाखों का जखीरा, एक गिरफ्तार

जौनपुर। शहर के बाजार भुआ मोहल्ले में कोतवाली पुलिस ने एक रिहायशी मकान से पांच कुंतल अवैध आतिशबाजी के पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बरामद पटाखों को लेकर विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, अपराधियों की गिरफ्तारी और अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार, 23 अक्टूबर को यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने कोतवाली क्षेत्र के बाजार भुआ मोहल्ला स्थित एक रिहायशी मकान से पांच कुंतल पटाखे बरामद किए। मौके से ऐसन रजा पुत्र मुनीर हसन निवासी बाजार भुआ, थाना कोतवाली, जौनपुर को गिरफ्तार किया गया।

इस मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा अपराध संख्या 264/2026 के तहत विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4/5 में अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर अनन्त चन्द्रशेखर तथा सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सम्यक चौधरी के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनीता सिंह, चौकी प्रभारी पुरानी बाजार संतोष कुमार यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Amanki Shaan News