जौनपुर। प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में महिला पुलिस कर्मियों ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं व छात्राओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
अभियान के दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस कर्मियों ने महिलाओं को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, साइबर अपराध, छेड़छाड़ और घरेलू हिंसा जैसी घटनाओं की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जा रही है और हर शिकायत पर त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ आत्मविश्वास मजबूत करने का प्रयास किया गया।










