Advertisement

दूल्हा हत्याकांड का मुख्य आरोपी रवि यादव पुलिस मुठभेड़ में ढेर

जौनपुर। जिले के बहुचर्चित दूल्हा हत्याकांड मामले में सोमवार तड़के पुलिस को बड़ी सफलता मिली। मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये का इनामी बदमाश रवि यादव पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के रानी के मोड़ के पास भोर करीब दो बजे पुलिस टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हुई।

पुलिस के अनुसार दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड में रवि यादव लंबे समय से फरार चल रहा था। उस पर पुलिस द्वारा एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में रवि यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि एक मई को खेतासराय क्षेत्र में शादी के लिए जा रहे दूल्हे आजाद बिंद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे जिले में आक्रोश फैल गया था। मामले में प्रदीप बिंद, रवि यादव और भोले राजभर समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि पुलिस की कई टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में लगी थीं। रवि यादव के मारे जाने के बाद अब अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Amanki Shaan News