जौनपुर। नगर पालिका परिषद भवन में मंगलवार को बड़ा हादसा टल गया। भवन के जर्जर प्रथम तल पर स्थित पैरोकार कक्ष की छत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। घटना के समय वहां मौजूद कई कर्मचारी बाल-बाल बच गए।
छत गिरने की तेज आवाज से कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। बताया जा रहा है कि नगर पालिका भवन लंबे समय से जर्जर स्थिति में है और इसकी मरम्मत को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं।

कर्मचारियों ने भवन की खराब हालत को लेकर कई बार चिंता जताई थी। घटना के बाद कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कर्मचारियों ने जर्जर हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराने और सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।













