Advertisement

सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं, 167 शिकायतों में 16 का मौके पर निस्तारण

जौनपुर। तहसील शाहगंज सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह की उपस्थिति में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में विभिन्न प्रकार की राजस्व, भूमि विवाद, अतिक्रमण, नाली निर्माण एवं अन्य जनसमस्याओं से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रकरण की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 1 जून से 30 जून तक राजस्व संबंधी मामलों का अभियान चलाकर निस्तारण किया जाए। राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से विवादित मामलों का समाधान कराएं तथा न्यायालय के आदेशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करें। साथ ही आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का संतोषजनक निस्तारण करने, जाति, आय एवं अन्य प्रमाण पत्रों को निर्धारित समय सीमा में जारी करने तथा जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने भी पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में कुल 167 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 16 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

इस अवसर पर परियोजना निदेशक के.के. पाण्डेय, उपजिलाधिकारी शाहगंज कुणाल गौरव, क्षेत्राधिकारी शाहगंज, तहसीलदार सौरभ कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जनपद की अन्य तहसीलों में भी सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।

Amanki Shaan News