Advertisement

संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव फंदे से लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस

 

जौनपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र के मुर्की गांव में रविवार देर रात एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुर्की गांव निवासी सैय्यद अशरफ गांव में वेल्डिंग वर्कशॉप संचालित कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनका पुत्र कामिल भी दुकान पर पिता का हाथ बंटाता था। रविवार देर रात जब कामिल घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद जब पिता वर्कशॉप पहुंचे और दुकान खोली, तो अंदर कामिल का शव फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए।

घटना की सूचना पर पहुंची केराकत पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि पुलिस ने किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

Amanki Shaan News