जौनपुर। जिले के मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र में टीचर की पिटाई के डर से कक्षा आठवी का छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। इस मामले को लेकर छात्र के परिजनों ने टीचर पर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
पूरा मामला कुछ इस प्रकार का बताया जा रहा है। क्षेत्र के गोधुवा गांव निवासी 13 वर्षीय शुभम सरोज पुत्र राकेश सरोज कम्पोजिट विद्यालय में आठवी का छात्र बताया गया है। परिजनों ने टीचर पर आरोप लगाते हुए बताया कि बीते 9 सितंबर को विद्यालय के टीचर बृजेश सिंह ने शुभम को किसी बात को लेकर पीट दिया था।
विद्यालय से घर लौटने के बाद छात्र ने टीचर द्वारा की गई पिटाई की बात परिजनों को बताया और डरा सहमा हुआ था। परिजनों ने यह भी बताया कि अगले दिन स्कूल जाने के लिए छात्र शुभम आनाकानी करने लगा उसके बाद मां बाप ने उसे समझा बुझाकर विद्यालय भेज दिया। स्कूल भेजने के बाद जब छात्र देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश विद्यालय समेत अन्य जगहों पर की लेकिन फिर भी उसका कोई पता नहीं चल सका। इस मामले को लेकर परिजनों ने पुलिस को तहरीर देते हुए न्याय की गुहार लगाई है।













