Advertisement

मिशन शक्ति की पहल से सुलझा पति-पत्नी का विवाद, साथ रहने पर बनी सहमति

पत्रकार दानिश इकबाल

 

जौनपुर। थाना पवारा की मिशन शक्ति टीम ने पारिवारिक विवाद में सराहनीय पहल करते हुए पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे मतभेद का सफलतापूर्वक निस्तारण करा दिया। काउंसलिंग के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से विवाद समाप्त कर भविष्य में सौहार्दपूर्ण वातावरण में साथ रहने का निर्णय लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति फेज-5 अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी मछलीशहर के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष पवारा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

भटेवरा गांव निवासी निधि यादव और संदीप यादव के बीच चल रहे वैवाहिक विवाद को लेकर दोनों पक्षों को मिशन शक्ति केंद्र बुलाया गया। मिशन शक्ति टीम ने दोनों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आपसी संवाद, समझदारी तथा पारिवारिक सौहार्द बनाए रखने के लिए विस्तृत काउंसलिंग की।

काउंसलिंग के उपरांत दोनों पक्षों ने अपने मतभेद समाप्त करते हुए सुलह-समझौता कर लिया और भविष्य में मिल-जुलकर जीवन व्यतीत करने की सहमति व्यक्त की।

मिशन शक्ति टीम में उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह, महिला कांस्टेबल डॉली वर्मा तथा महिला कांस्टेबल शिवानी शामिल रहीं।

Amanki Shaan News