Advertisement

बस परिचारक पर लगा चार साल की बच्ची से यौन शोषण करने का आरोप

 

जौनपुर। जिले के कुल्हनामऊ क्षेत्र में स्थित एक स्कूल की चार साल बच्ची के साथ स्कूल बस परिचारक पर यौन शोषण का आरोप लगा है। स्कूल का नाम सनबीम स्कूल की प्ले ग्रुप बताया गया है। जिस बस में बच्चों की सुरक्षा के लिए जीपीएस ट्रैकर लगा था, उसी में घटना हुई। मेडिकल जांच की रिपोर्ट में बच्ची के साथ अपराध किए जाने की पुष्टि हुई है। वहीं, परिजन मासूम के भविष्य के लिए चिंतित हैं। वह पढ़ने के लिए स्कूल नहीं गई और सहमी हुई है।

सीओ सदर परमानंद कुशवाहा ने मामले में डीएनए टेस्ट के लिए नमूना संग्रहित करके परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जल्द ही मामले में चार्जशीट लगाई जाएगी। आरोपी को सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक में सुनवाई की कोशिश कराई जाएगी।

थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि मामले में खारौना गांव निवासी आरोपी परिचारक रोहित चौहान को बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। यह घटना मंगलवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद हुई। पुलिस के मुताबिक बस प्ले ग्रुप से कक्षा दो तक के बच्चों को लेकर निकली थी। चार साल बच्ची को घर पहुंचाने के बाद परिचारक चला गया।

परिजनों के सामने पहुंचते ही बच्ची रोने लगी और पूछने पर कंडक्टर अंकल का नाम लेने लगी। बच्ची की हालत देखकर परिजन उसे तत्काल स्कूल लेकर पहुंचे और घटना की जानकारी दी। स्कूल की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। बस की फोरेंसिक जांच भी कराई गई है।

Amanki Shaan News